रांची, 10 सितंबर 2026। झारखंड में ग्रामीण डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए संशोधित भारतनेट कार्यक्रम (ABP) के भारतनेट फेज-III के तहत Project Implementation and Support Agreement पर भारत सरकार के डिजिटल भारत निधि (DBN), झारखंड सरकार और झारखंड डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (JDICL) के बीच हस्ताक्षर हुए।
कार्यक्रम के तहत राज्य के 260 प्रखंडों, 4,395 ग्राम पंचायतों और 26,777 गैर-जीपी गांवों को हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड से जोड़ने का लक्ष्य है। इसके तहत 4,387 मौजूदा ग्राम पंचायतों को रिंग टोपोलॉजी में अपग्रेड तथा 8 नई पंचायतों को इससे जोड़ा जाएगा। पांच वर्षों में 4,39,049 FTTH कनेक्शन उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है।
इसके अलावा मिडिल-माइल नेटवर्क का निर्माण व उन्नयन, राज्य में State Network Operations Centre (SNOC) की स्थापना तथा मांग के आधार पर गांवों में ब्रॉडबैंड विस्तार किया जाएगा। BSNL, JDICL को परियोजना प्रबंधन परामर्श (PMC) सहायता देगा।
इस पहल से ग्रामीण परिवारों और सरकारी संस्थानों की ई-गवर्नेंस, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य डिजिटल सेवाओं तक पहुंच मजबूत होने की उम्मीद है।
