प्रेस कांफ्रेंस कर खेल निदेशक ने दी विस्तार से जानकारी
रांची: झारखंड की राजधानी रांची पहली बार एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें इंडियन ऑयल डूरंड कप-2026 की मेजबानी करेगी। झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने इसकी घोषणा करते हुए इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
एक प्रेस कांफ्रेस झारखंड में खेल विभाग के निदेशक छवि रंजन के द्वारा सारी जानकारियां विस्तार से बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोराबादी, रांची में दी गयीं। इसमें इंडियन आर्मी के मनोज कुमार झा भी उपस्थित थे।
वर्ष 1888 में शुरू हुआ डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है। भारतीय सेना की पूर्वी कमान, ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) और डूरंड फुटबॉल टूर्नामेंट सोसाइटी (DFTS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के 135वें संस्करण में 24 टीमें पांच मेजबान शहरों में खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। प्रतियोगिता में इंडियन सुपर लीग (ISL), आई-लीग (I-League) के शीर्ष क्लबों के साथ भारतीय सशस्त्र बलों और आमंत्रित विदेशी सैन्य टीमों की भागीदारी होगी।
इन चीजों पर स्टेडियम में रहेगा प्रतिबंध :
टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों, खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्टेडियम में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। हथियार, पटाखे, बड़े बैग, बाहरी भोजन और पेय पदार्थ, शराब, तंबाकू उत्पाद, ड्रोन, पेशेवर कैमरे, लैपटॉप, बड़े पावर बैंक, हेलमेट, मेगाफोन, एयर हॉर्न, बड़े झंडे, लेजर पॉइंटर, एरोसोल स्प्रे तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
कम से कम एक घंटे पहले पहुंचें दर्शक
प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे सुरक्षा जांच को ध्यान में रखते हुए मैच शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले स्टेडियम पहुंचें। स्टेडियम प्रबंधन को प्रतिबंधित वस्तुएं जब्त करने तथा सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले व्यक्तियों को प्रवेश से वंचित करने का अधिकार होगा।
डूरंड कप 2026: टिकट वितरण 22 जुलाई से, एक व्यक्ति को मिलेंगे अधिकतम चार मुफ्त टिकट
डूरंड कप 2026 के मैचों के लिए दर्शकों को 22 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक निःशुल्क टिकट वितरित किए जाएंगे। टिकट वितरण प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा। प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट दिए जाएंगे।
स्टेडियम परिसर में टिकट वितरण के लिए गेट नंबर 11 और 13 के बीच 10 टिकट काउंटर तथा गेट नंबर 23 के पास दो अतिरिक्त टिकट काउंटर बनाए गए हैं। मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
दर्शकों की सुविधा और सुगम आवाजाही के लिए प्रवेश एवं निकासी की विशेष व्यवस्था की गई है। स्टेडियम में कुल आठ स्टैंड (A, B, C, D, E, F और G) तथा अपर और लोअर मिलाकर कुल 14 पवेलियन/टियर उपलब्ध रहेंगे। आयोजन समिति ने दर्शकों से समय पर पहुंचकर निर्धारित प्रवेश व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
टिकटिंग ,प्रवेश एवं निकासी तथा वीआइपी मूवमेंट की योजना बना ली गयी है।
रांची में 135वें डूरंड कप 2026 की मेजबानी, स्टेडियम में सुरक्षा के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी
