जल जीवन मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 8 जल सहियाएं सम्मानित

:::आयुष कुमार पाठक:::

रांची: 16 सितं. जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित, सुरक्षित पेयजल आपूर्ति तथा जलापूर्ति योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव में उत्कृष्ट योगदान देने वाली राज्य की आठ जल सहियाओं को विशेष सम्मान दिया गया। नेपाल हाउस में आयोजित कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव श्री अबु इमरान ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र प्रदान किए।

सम्मानित जल सहियाओं में बोकारो की पांच और रांची की तीन जल सहियाएं शामिल हैं। उन्होंने जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) के साथ समन्वय कर योजनाओं के संचालन, समस्याओं की पहचान, जल गुणवत्ता, संरक्षण और सुरक्षित उपयोग को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जल सहियाएं ग्रामीण परिवारों को नियमित जल शुल्क के महत्व के प्रति भी जागरूक कर रही हैं। जल शुल्क से प्राप्त राशि का उपयोग प्लंबर व पंप ऑपरेटरों के मानदेय, मरम्मत तथा जलापूर्ति योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव में किया जाता है।

सचिव अबु इमरान ने सम्मानित जल सहियाओं के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य जल सहियाओं को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जल सहियाओं ने अपने अनुभव साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *