भारत रिन्यूएबल एनर्जी में दुनिया के शीर्ष देशों में शामिल: प्रधानमंत्री

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट में कहा कि ऊर्जा सुरक्षा देश की आर्थिक सुरक्षा से सीधे जुड़ी है और भविष्य स्वच्छ ऊर्जा का है। उन्होंने बताया कि भारत ने 2025 में ही अपनी स्थापित बिजली क्षमता का 50 प्रतिशत से अधिक गैर-जीवाश्म ऊर्जा स्रोतों से हासिल कर लिया है, जबकि 2030 तक 500 गीगावॉट क्षमता का लक्ष्य है। अब तक करीब 300 गीगावॉट क्षमता हासिल की जा चुकी है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से 65 लाख से अधिक घर जुड़ चुके हैं। एक अध्ययन के अनुसार, इन घरों के बिजली बिल में करीब 76 प्रतिशत तक कमी आई है। वहीं, 44 हजार से अधिक सरकारी भवन सौर ऊर्जा से जुड़े हैं, जिससे सालाना 700 करोड़ रुपये की बचत हो रही है।

कुसुम योजना के तहत 30 लाख से अधिक किसानों को सौर सिंचाई सुविधा मिली है। सरकार का लक्ष्य ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन, सौर ऊर्जा और स्वच्छ ऊर्जा तकनीक को बढ़ावा देकर निवेश, रोजगार और ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ाना है।