बोकारो । गोमिया प्रखंड के बड़कीपुन्नू क्षेत्र में 35 हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन एवं वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
उपायुक्त श्री अजय नाथ झा, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री नीतीश कुमार एवं संबंधित पदाधिकारी श्री संदीप शिंदे ने लोगों से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है।
अधिकारियों ने कहा कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में विशेषकर रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलना जोखिमपूर्ण हो सकता है। ग्रामीणों को अंधेरे एवं जंगल से सटे रास्तों पर आवागमन से बचने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने हाथियों के झुंड के नजदीक जाने, फोटो-वीडियो बनाने और उन्हें उकसाने से सख्ती से बचने की अपील की है। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर संबंधित क्षेत्र में जाने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रहें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या वन विभाग को सूचित करें।
जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से सुरक्षा संबंधी सूचना अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
