::सुजीत कुमार वर्मा::
भारत स्वच्छ ऊर्जा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में ग्रीन हाइड्रोजन को बढ़ावा दे रहा है। सौर और पवन ऊर्जा से प्राप्त बिजली के जरिए पानी को हाइड्रोजन और ऑक्सीजन में विभाजित कर इसका उत्पादन किया जाता है। इससे पारंपरिक जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता और कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिल सकती है।
केंद्र सरकार ने जनवरी 2023 में राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन (NGHM) को मंजूरी दी थी। इसके लिए 19,744 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मिशन का लक्ष्य 2030 तक प्रतिवर्ष कम से कम 50 लाख मीट्रिक टन ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन क्षमता विकसित करना है।
इसका उपयोग उर्वरक उद्योग, पेट्रोलियम रिफाइनरी, इस्पात निर्माण, भारी वाहनों और जहाजों में किया जा सकता है। इससे औद्योगिक प्रदूषण घटाने और आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करने की संभावना है।
सरकार के अनुसार, मिशन से 2030 तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित होने और छह लाख से ज्यादा रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। इससे सालाना करीब पांच करोड़ टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन टालने का लक्ष्य भी है।
गुजरात के कांडला, तमिलनाडु के तूतीकोरिन और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों को ग्रीन हाइड्रोजन हब के रूप में मान्यता दी गई है। यह पहल भारत के 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
