‘द वीक हेरिटेज अवॉर्ड्स’ 2026: पतरातू को मिला सिल्वर बनयान अवॉर्ड , झारखंड के पर्यटन को राष्ट्रीय पहचान

::सुजीत कुमार वर्मा::

झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल पतरातू ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पतरातू को प्रतिष्ठित ‘‘द वीक हेरिटेज अवॉर्ड्स’ 2026’ के तहत ‘Riverside Heritage’ श्रेणी में सिल्वर बनयान अवॉर्ड  से सम्मानित किया गया है।

नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय में आयोजित समारोह में झारखंड सरकार के पर्यटन सचिव मुकेश कुमार और पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा ने यह सम्मान प्राप्त किया। समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी उपस्थित रहे।

प्राकृतिक सौंदर्य, मनोरम घाटियों और विशाल जलाशय के लिए प्रसिद्ध पतरातू में नौकायन, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, म्यूजिकल फाउंटेन सहित विकसित की गई पर्यटन सुविधाओं ने इसे आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में पहचान दिलाई है।

इस उपलब्धि पर पर्यटन सचिव मुकेश कुमार ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान झारखंड की समृद्ध प्राकृतिक विरासत और पर्यटन विकास के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों, स्थानीय प्रशासन और परियोजना से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस सम्मान से झारखंड में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय रोजगार और राज्य को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।