रांची में फसल रक्षक के 21 पदों पर निकली भर्ती, 14 नवंबर तक करें आवेदन

::सुजीत कुमार वर्मा::

रांची: झारखंड के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग ने रांची जिले में फसल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत 21 फसल रक्षकों की अस्थायी नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्ति वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मानदेय आधारित होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 11 महीने तक कार्य करने का अवसर मिलेगा।

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान से न्यूनतम मैट्रिक (10वीं) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके अलावा कृषि या उद्यान निदेशालय के अंतर्गत कम से कम पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्रमाणपत्र होना जरूरी है। अभ्यर्थियों को स्थानीय भाषा का ज्ञान होना चाहिए। साथ ही साइकिल चलाने और पेड़ पर चढ़ने की दक्षता भी आवश्यक है। उम्मीदवार का रांची जिले का स्थानीय निवासी होना अनिवार्य है।

विभाग की ओर से चयनित फसल रक्षकों को प्रतिमाह 11,851 रुपये मानदेय दिया जाएगा। कुल 21 पदों में अनारक्षित वर्ग के 9, अनुसूचित जनजाति के 7, अनुसूचित जाति के 1, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 2 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 2 पद शामिल हैं।

फसल रक्षकों का मुख्य कार्य फसलों में कीट एवं बीमारियों का सर्वेक्षण, कीटनाशकों का छिड़काव, किसानों को प्रशिक्षण देना और जागरूकता अभियान चलाना होगा।