चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड अंतर्गत नकटी जलाशय में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से 1.70 लाख मत्स्य अंगुलिका बीज का संचयन किया गया। इसमें 1.60 लाख भारतीय मेजर कार्प (रोहू, कतला एवं मृगल) तथा 10 हजार ग्रास कार्प के बीज शामिल हैं।
इस अवसर पर बंदगांव के प्रखंड विकास पदाधिकारी, परीक्ष्यमान उपसमाहर्ता सुश्री आकांक्षा मिंज एवं जिला मत्स्य पदाधिकारी श्री नवीन कुमार सहित जलाशय मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सचिव, सदस्य तथा संबंधित पंचायत के मुखिया उपस्थित रहे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य नकटी जलाशय में मत्स्य उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाना है। साथ ही, मत्स्यजीवी सहयोग समिति से जुड़े मछुआरों की आजीविका को सुदृढ़ करना और उनके आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है। मत्स्य बीज संचयन से क्षेत्र में मछली उत्पादन की संभावनाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
