पीएम-किसान की 24वीं किस्त जारी, 9.34 करोड़ किसानों के खातों में पहुंचे 18,690 करोड़

::सुजीत कुमार वर्मा::

देशभर के करोड़ों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी है। इसके तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ से अधिक की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की गई।

इस राशि से किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक मदद मिलेगी। पीएम-किसान योजना केंद्र सरकार की प्रमुख किसान कल्याण योजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों सहित पात्र किसान परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है।

योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है।

सरकार का मानना है कि इस पहल से किसानों को बीज, खाद और अन्य कृषि आवश्यकताओं पर होने वाले खर्च में मदद मिलती है। साथ ही, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण व्यवस्था के जरिए पारदर्शिता सुनिश्चित करने और बिचौलियों की भूमिका कम करने का प्रयास किया जा रहा है।