::सुजीत कुमार वर्मा::
भारत के पहाड़ी राज्यों के फल अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बना रहे हैं। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) की पहल से हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के सिंदूरी अनार और अरुणाचल प्रदेश के कीवी को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई बाजार तक पहुंचाया गया है।
कुल्लू से 1.3 मीट्रिक टन सिंदूरी अनार का निर्यात किया गया। इसमें 2 किलोग्राम के 650 बॉक्स शामिल थे। यह खेप उत्तर प्रदेश की कंपनी अमामा एक्सपोर्ट्स ने भेजी। फल स्थानीय किसानों और लगभग 600 किसानों से जुड़े भुंतर किसान उत्पादक संगठन (FPO) से खरीदे गए। इस निर्यात से किसानों को घरेलू बाजार की तुलना में 50 प्रतिशत अधिक कीमत मिली।
वहीं, अरुणाचल प्रदेश के जीरो से 1.5 मीट्रिक टन कीवी की परीक्षण खेप दुबई भेजी गई। इसे अल कुसैस स्थित लुलु हाइपरमार्केट में प्रदर्शित किया गया। राज्य में हेवर्ड, मॉन्टी, एलिसन और ब्रूनो प्रमुख कीवी किस्में हैं। इनमें हेवर्ड की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अच्छी मांग है।
इस पहल का उद्देश्य किसानों को विदेशी बाजारों से जोड़ना, कृषि निर्यात बढ़ाना और क्षेत्रीय फलों की पहचान मजबूत करना है।
