IITF-2026: झारखंड पवेलियन में पारंपरिक व्यंजनों की धूम, रागी चॉकलेट, देसी अचार और प्राकृतिक शहद बने आकर्षण

सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह ने किया झारखंड पवेलियन का दौरा, स्थानीय उत्पादों को मिल रही सराहना

नई दिल्ली/रांची। इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मेले के आम लोगों के लिए खुलने के बाद यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक खानपान और स्थानीय उत्पादों को देखने और खरीदने में आगंतुक विशेष रुचि दिखा रहे हैं। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह ने भी झारखंड पवेलियन का दौरा किया।

इस वर्ष पवेलियन में रागी से बने उत्पाद, पारंपरिक व्यंजन, देसी अचार और प्राकृतिक शहद विशेष आकर्षण बने हुए हैं। जोहार रागी स्टॉल पर रागी के लड्डू, नमकीन, चॉकलेट और पारंपरिक ठेकुआ लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। स्टॉल संचालिका असनीता के अनुसार, रागी के लड्डुओं की काफी मांग है। वहीं, रागी चॉकलेट की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मेले के व्यावसायिक दिनों में ही इसका पूरा स्टॉक बिक गया। स्टॉल संचालिका सुषमा ने कहा कि उन्हें रागी चॉकलेट के प्रति इतनी शानदार प्रतिक्रिया की उम्मीद नहीं थी। इससे महिला उद्यमियों के लिए नए बाजार अवसर भी खुल रहे हैं।

वहीं, अर्जनित फार्म के प्राकृतिक शहद की विभिन्न किस्में भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं। यहां नीम और तुलसी सहित अलग-अलग फूलों से प्राप्त मोनोफ्लोरल शहद प्रदर्शित किया गया है। स्टॉल संचालक पुनीत कंचन कुजूर ने बताया कि प्रत्येक फूल से प्राप्त शहद का स्वाद और सुगंध अलग होती है। उनका उद्देश्य लोगों को शहद की विविध किस्मों और उनकी विशेषताओं से परिचित कराना है।

IITF-2026 झारखंड के स्थानीय उत्पादकों, महिला उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। मेले में मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से राज्य के पारंपरिक खाद्य उत्पादों और स्थानीय उद्यमिता को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।