सूखे से निपटने वाली कृषि तकनीकों पर जोर, बेंगलुरु में तीन दिवसीय कृषि मेला शुरू

::सुजीत कुमार वर्मा::

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में जलवायु परिवर्तन, अनियमित बारिश और सूखे की चुनौती से निपटने के लिए तीन दिवसीय कृषि मेला 16 नवंबर से शुरू हुआ। कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय (UAS), बेंगलुरु की ओर से गांधी कृषि विज्ञान केंद्र (GKVK), हेब्बल परिसर में आयोजित यह मेला 18 नवंबर तक चलेगा। इस वर्ष मेले का मुख्य जोर सूखा प्रबंधन, कम पानी में खेती और जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों पर है।

मेले में लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में 75 प्रकार की फसलों और उनकी किस्मों का प्रदर्शन किया गया है। किसानों को सूखा सहन करने वाली फसलों, उन्नत बीजों, शुष्क भूमि में खेती और मिट्टी एवं जल संरक्षण की तकनीकों से परिचित कराया जा रहा है।

इस दौरान विश्वविद्यालय ने तीन नई फसल किस्में भी जारी की हैं। इनमें GPU-101 रागी की मध्यम अवधि वाली सूखा सहनशील किस्म है, जो कम पानी में भी उगाई जा सकती है। KBGA-18 प्रोटीन युक्त फील्ड बीन की किस्म है, जबकि MAH-20-45 हाइब्रिड मक्का किस्म है, जिसका उपयोग अनाज के साथ पशु चारे के लिए भी किया जा सकता है।

मेले में किसानों के लिए विशेष सलाह केंद्र बनाया गया है, जहां कृषि वैज्ञानिक उनकी समस्याओं का समाधान और फसल के अनुसार मार्गदर्शन दे रहे हैं। इसके अलावा एल नीनो के प्रभाव, जलवायु परिवर्तन, वर्षा जल संरक्षण और आधुनिक कृषि पद्धतियों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित किए जा रहे हैं।

इस आयोजन का उद्देश्य किसानों को ऐसी वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ना है, जिनसे कम वर्षा और पानी की कमी के बावजूद कृषि उत्पादन तथा किसानों की आय को सुरक्षित रखा जा सके।