::सुजीत कुमार वर्मा::
देश में मानसून के बाद जलाशयों में पानी का भंडार तेजी से घट रहा है। केंद्रीय जल आयोग (CWC) की 12 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, देश के 178 प्रमुख जलाशयों में एक सप्ताह के भीतर 5.072 अरब घन मीटर (BCM) पानी कम हो गया। अब इन जलाशयों में उनकी कुल उपयोगी भंडारण क्षमता का केवल 63.25 प्रतिशत पानी बचा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 178 जलाशयों की कुल उपयोगी भंडारण क्षमता 184.762 अरब घन मीटर है। इनमें 12 नवंबर तक 116.854 अरब घन मीटर पानी उपलब्ध था, जबकि 5 नवंबर को यह मात्रा 121.926 अरब घन मीटर थी। पिछले साल इसी अवधि में जलाशयों में 166.101 अरब घन मीटर पानी मौजूद था। इस प्रकार मौजूदा भंडारण पिछले साल की तुलना में 29.65 प्रतिशत और सामान्य स्तर से 19.86 प्रतिशत कम है।
बिहार और झारखंड की स्थिति
पूर्वी भारत के 31 प्रमुख जलाशयों में कुल क्षमता का 75.04 प्रतिशत पानी उपलब्ध है। हालांकि, राज्यों के बीच स्थिति अलग-अलग है। बिहार के पांच प्रमुख जलाशयों में केवल 46.87 प्रतिशत पानी बचा है। असम में यह 36.58 प्रतिशत, मेघालय में 48.59 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल में 47.14 प्रतिशत है। इसके विपरीत झारखंड के जलाशयों में 71.97 प्रतिशत और ओडिशा में 81.60 प्रतिशत पानी उपलब्ध है।
दक्षिण भारत में सबसे ज्यादा कमी
दक्षिण भारत के 50 प्रमुख जलाशयों में केवल 39.74 प्रतिशत पानी बचा है, जो सामान्य स्तर से 46.89 प्रतिशत कम है। आंध्र प्रदेश में 27.54 प्रतिशत, तेलंगाना में 33.49 प्रतिशत और तमिलनाडु में 36.28 प्रतिशत भंडारण दर्ज किया गया है।
वहीं महाराष्ट्र के जलाशयों में 71.63 प्रतिशत और गुजरात में 74.60 प्रतिशत पानी उपलब्ध है।
जलाशयों में घटता भंडारण आने वाले महीनों में पेयजल आपूर्ति, सिंचाई और बिजली उत्पादन के लिए चुनौती बन सकता है। ऐसे में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पानी के बेहतर प्रबंधन की जरूरत बढ़ गई है।
