भोपाल से देश को समर्पित हुई बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन, 1-2 रुपये में मिलेगा मुर्गियों को सुरक्षा कवच

300 करोड़ रुपये की लागत से भोपाल में बनेगी अत्याधुनिक प्रयोगशाला, पोल्ट्री किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाने की पहल

भोपाल। आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) द्वारा विकसित बर्ड फ्लू (H5N1) की देश की पहली स्वदेशी वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा भी की।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह वैक्सीन बर्ड फ्लू के इस वेरिएंट के लिए दुनिया की पहली वैक्सीन है। इसकी एक खुराक की कीमत महज 1 से 2 रुपये होगी, जिससे छोटे और बड़े मुर्गीपालकों को अपने पक्षियों की सुरक्षा में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 से अब तक देश में बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं। वर्ष 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में 10 लाख मुर्गियों की मौत हुई थी, जबकि 2021 में 9 लाख और इस वर्ष करीब 2 लाख मुर्गियों की मौत हुई।

श्री चौहान ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम की तरह हैं। पशु रोगों के कारण देश को सालाना करीब 56 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होता है। इसमें खुरपका-मुंहपका से 22 हजार करोड़, लंपी वायरस से 20 हजार करोड़, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ और पीपीआर से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान शामिल है।

उन्होंने वैक्सीन विकसित करने वाले वैज्ञानिकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से भारत ने यह उपलब्धि हासिल की है। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय वैज्ञानिकों की क्षमता और आत्मनिर्भर भारत की प्रगति को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम में ICAR के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट सहित कई जनप्रतिनिधि और वैज्ञानिक उपस्थित रहे।