देश का पहला राज्य बना झारखंड, जिसने शुरू की माइनिंग टूरिज्म की अनूठी पहल
नई दिल्ली/रांची। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन के माध्यम से राज्य की समृद्ध खनिज संपदा, खनन क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं और निवेश के अवसरों को प्रदर्शित किया जा रहा है। खान एवं भूविज्ञान विभाग, झारखंड सरकार की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में राज्य की खनिज आधारित अर्थव्यवस्था और देश की औद्योगिक प्रगति में उसके योगदान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया है।
देश की ‘मिनरल कैपिटल’ के रूप में पहचान रखने वाले झारखंड के प्रमुख खनिजों में लौह अयस्क, कोयला, अभ्रक, तांबा, यूरेनियम, बॉक्साइट, चूना पत्थर, ग्रेनाइट और विभिन्न प्रकार के पत्थरों को प्रदर्शित किया गया है। इसके जरिए खनिज आधारित उद्योगों में निवेश, मूल्य संवर्धन और रोजगार सृजन की संभावनाओं को रेखांकित किया जा रहा है।
झारखंड देश का पहला राज्य है, जिसने माइनिंग टूरिज्म की अनूठी पहल शुरू की है। इसके तहत पर्यटकों को सक्रिय कोयला खदानों का भ्रमण कराकर खनन प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों के संचालन और अर्थव्यवस्था में खनन क्षेत्र के योगदान को करीब से समझने का अवसर दिया जा रहा है।
प्रदर्शनी में बॉक्साइट, बेरिलियम, लिथियम और यूरेनियम जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला गया है। बॉक्साइट एल्युमिनियम उद्योग का प्रमुख कच्चा माल है, जबकि बेरिलियम का उपयोग रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स और एयरोस्पेस क्षेत्र में होता है। लिथियम इलेक्ट्रिक वाहनों और मोबाइल फोन की रिचार्जेबल बैटरियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं, यूरेनियम परमाणु ऊर्जा उत्पादन का प्रमुख ईंधन है।
IITF-2026 के माध्यम से झारखंड सरकार राज्य की खनिज संपदा को निवेशकों और उद्योग जगत के सामने प्रस्तुत कर रही है। इसका उद्देश्य खनिज आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना, औद्योगिक विकास को गति देना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
