पोखरपी पैक्स सहकारिता के माध्यम से किसानों की समृद्धि की खोल रही नई राह

पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड की पोखरपी बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) सहकारिता के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वर्ष 2024 में निबंधित यह समिति धान अधिप्राप्ति, फसल बीमा और कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। अध्यक्ष उपेंद्र लागुरी और सचिव माधो लागुरी के नेतृत्व में समिति किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है।

समिति के माध्यम से किसानों को अपने ही प्रखंड में सरकारी समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा मिल रही है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में समिति ने 45 किसानों से 1,069.08 क्विंटल धान की खरीद की। वहीं, 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 108 किसानों से 3,058.68 क्विंटल पहुंच गया। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है।

इसके अलावा समिति फसल बीमा के माध्यम से किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने तथा कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए ग्रामीणों तक ऑनलाइन सेवाएं पहुंचाने का काम कर रही है। सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियों में भागीदारी के साथ यह समिति ग्रामीण विकास और किसान समृद्धि की प्रेरणादायक मिसाल बन रही है।