खूंटी: जिले के लतरातू जलाशय में तालाब एवं जलाशय मत्स्य विकास योजना के तहत 1 लाख 30 हजार मत्स्यबीज का संचयन किया गया। इस दौरान भारतीय मेजर कार्प प्रजाति की रोहू, कतला और मृगल के साथ ग्रास कार्प के मत्स्यबीज जलाशय में छोड़े गए।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जलाशय में मछली उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के साथ स्थानीय मत्स्यपालकों की आजीविका को मजबूत करना है। मत्स्यबीज संचयन से आने वाले समय में जलाशय में मछलियों की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे मत्स्यपालन से जुड़े लोगों को रोजगार और आय के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
जिला मत्स्य विभाग की इस पहल से स्थानीय स्तर पर मत्स्यपालन को प्रोत्साहन मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र के मत्स्यपालकों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर जिला मत्स्य पदाधिकारी श्री रौशन कुकर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
