खनन योजना की मंजूरी के लिए तय होगी समय-सीमा, अंडरग्राउंड कोल गैसीफिकेशन को भी मिली मान्यता; झारखंड में रोजगार और पर्यावरण पर पड़ सकता है असर
नई दिल्ली। कोयला मंत्रालय ने कोयला और लिग्नाइट खदानों के वैज्ञानिक संचालन, खनन योजना और खदान बंद करने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाने के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। मंत्रालय ने 20 नवंबर 2026 को ‘कोयला और लिग्नाइट खदानों के लिए खनन योजना एवं खदान समापन योजना तैयार करने संबंधी दिशानिर्देश-2026’ जारी किए। ये दिशानिर्देश जारी होने के 30 दिन बाद लागू होंगे।
नई गाइडलाइन के तहत खनन योजनाओं की जांच और मंजूरी के अलग-अलग चरणों के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। इससे सरकारी प्रक्रियाओं में देरी कम होने और खदानों को जल्द चालू करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
खदान बंद करने से जुड़े कार्यों के लिए एस्क्रो खाते से राशि वापस करने की समय-सीमा भी महत्वपूर्ण रूप से घटाई गई है। अब दावा प्राप्त होने के एक महीने के भीतर राशि की प्रतिपूर्ति का प्रावधान किया गया है। हालांकि, दावों की जांच के लिए परीक्षण व्यवस्था भी रहेगी। इसके अलावा, पांच वर्षीय दावों के सत्यापन के लिए अधिक एजेंसियों को शामिल किया गया है।
नई गाइडलाइन में उभरती तकनीक को ध्यान में रखते हुए अंडरग्राउंड कोल गैसीफिकेशन (भूमिगत कोयला गैसीकरण) को भी खनन की एक विधि के रूप में मान्यता दी गई है। इसके लिए 2026 के अलग दिशानिर्देशों को भी इसमें शामिल किया गया है। परियोजना संचालकों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार अधिक लचीलापन दिया गया है।
झारखंड के रोजगार और स्थानीय लोगों पर संभावित असर
झारखंड देश के प्रमुख कोयला उत्पादक राज्यों में शामिल है। यहां धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और चतरा जैसे क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था कोयला खनन से जुड़ी है। नई गाइडलाइन से खदानों का संचालन तेज होने पर खनन, परिवहन, मशीनरी, निर्माण और सहायक सेवाओं में रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं। स्थानीय युवाओं और छोटे कारोबारियों को भी लाभ मिलने की संभावना है।
हालांकि, खनन गतिविधियों के विस्तार से विस्थापन, जंगलों की कटाई, जल प्रदूषण, कृषि भूमि पर दबाव और स्थानीय लोगों की आजीविका प्रभावित होने का खतरा भी है। वैज्ञानिक तरीके से खदान बंद करने और बंद खदानों की जमीन का पुनः उपयोग करने पर जोर दिया गया है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब पुनर्वास, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों के अधिकारों का प्रभावी पालन हो।
मंत्रालय के अनुसार, इन दिशानिर्देशों का उद्देश्य कारोबार सुगमता बढ़ाने, खदानों को शीघ्र चालू करने, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने तथा वैज्ञानिक खदान समापन और स्थानीय समुदायों के हित में भूमि के पुनः उपयोग को प्रोत्साहित करना है।
