भारत में जलवायु परिवर्तन और चरम मौसमी घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) और डाउन टू अर्थ की ‘क्लाइमेट इंडिया 2026’ रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से सितंबर 2026 के बीच देश में 273 में से 251 दिनों यानी लगभग 92 प्रतिशत दिनों में कहीं न कहीं चरम मौसमी घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें भीषण गर्मी, शीतलहर, आकाशीय बिजली, तूफान, भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाएं शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इन घटनाओं में 3,220 लोगों की मौत हुई, जबकि लगभग 42.5 लाख हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित हुआ। इसके अलावा 1,28,334 मकान क्षतिग्रस्त या नष्ट हुए और 47,244 पशुओं की जान गई।
महाराष्ट्र में फसलों को सबसे अधिक नुकसान
फसल प्रभावित होने के मामले में महाराष्ट्र सबसे आगे रहा, जहां 28.3 लाख हेक्टेयर कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ। उत्तर प्रदेश में 6.9 लाख हेक्टेयर और बिहार में 2.3 लाख हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा। वहीं, जनहानि के मामले में उत्तर प्रदेश 811 मौतों के साथ पहले स्थान पर रहा। महाराष्ट्र में 286 और बिहार में 245 लोगों की मौत दर्ज की गई।
पांच वर्षों में बढ़ा मौसम का खतरा
रिपोर्ट के पांच वर्षीय विश्लेषण के अनुसार, 2022 से 2026 के बीच चरम मौसमी घटनाओं से 16,200 से अधिक लोगों की मौत हुई और कम से कम 2.06 करोड़ हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित हुआ। वर्ष 2025 में सर्वाधिक 94.7 लाख हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित हुआ था।
रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि केवल आपदा के बाद राहत और बचाव पर्याप्त नहीं है। सरकारों को जल निकासी, जल संरक्षण, बेहतर कृषि प्रबंधन और जंगलों तथा हरित क्षेत्रों के संरक्षण पर ध्यान देना होगा। इससे किसानों की आजीविका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मौसम की मार से बचाने में मदद मिल सकती है।
