समुद्री जैव विविधता, समुद्री कछुओं और डुगोंग संरक्षण पर विशेष जोर; भारत के 108 संरक्षित क्षेत्रों का हुआ मूल्यांकन, नामेरी टाइगर रिजर्व को CA|TS मान्यता
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (NBWL) की स्थायी समिति की 92वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक का मुख्य विषय ‘समुद्री वन्यजीव संरक्षण’ रहा। इसमें देशभर के 133 प्रस्तावों पर विचार किया गया, जिनमें सड़क, रक्षा अवसंरचना, पेयजल आपूर्ति और अन्य आवश्यक विकास परियोजनाएं शामिल हैं। इन प्रस्तावों का मूल्यांकन वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक आवास पर पड़ने वाले प्रभाव, जनकल्याण और पर्यावरणीय नुकसान को कम करने के उपायों के आधार पर किया गया।
बैठक में वन्यजीव सप्ताह 2026 की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। इस वर्ष की थीम ‘आवासों को जोड़ना, वन्यजीवों को समृद्ध बनाना’ रही। इस दौरान बक्सा में बाघों का पुनर्स्थापन, राजस्थान में ग्रेट इंडियन बस्टर्ड को जंगल में छोड़ना और प्रोजेक्ट चीता का तीसरे स्थल तक विस्तार प्रमुख उपलब्धियां रहीं। असम के नामेरी टाइगर रिजर्व को कंजर्वेशन एश्योर्ड | टाइगर स्टैंडर्ड्स (CA|TS) के तहत मान्यता दी गई।
भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) ने समुद्री एवं तटीय संरक्षित क्षेत्रों के प्रबंधन का मूल्यांकन प्रस्तुत किया। वर्ष 2024-26 के आकलन में 108 संरक्षित क्षेत्रों को शामिल किया गया। समुद्री कछुओं के अध्ययन में वर्ष 2022-25 के दौरान लगभग 1,300 किलोमीटर समुद्री तट और 360 समुद्र तट क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया गया। इसमें कछुओं की चार प्रजातियों के घोंसला बनाने की स्थिति का अध्ययन हुआ।
डुगोंग संरक्षण के तहत तमिलनाडु में पहली ड्रोन आधारित गणना में इनकी अनुमानित संख्या 270±16 दर्ज की गई। वहीं, अरब सागर के हम्पबैक व्हेल के संभावित सात प्रमुख क्षेत्र भी चिह्नित किए गए।
बैठक में छोटे वन्य बिल्लियों की नौ प्रजातियों पर आधारित फील्ड मैनुअल भी जारी किया गया। मंत्री ने वनकर्मियों और स्थानीय समुदायों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वन्यजीव संरक्षण में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
