:: सुजीत कुमार वर्मा::
तेनकासी (तमिलनाडु): तमिलनाडु के तेनकासी जिले में सेंगोट्टई के पास भगवतीपुरम रेलवे स्टेशन के निकट ट्रेन की चपेट में आने से एक बाघ की मौत हो गई। घटना 4 नवंबर की सुबह करीब तीन बजे की बताई जा रही है। पालक्काड से तूतीकोरिन जा रही पालारुवी एक्सप्रेस की चपेट में आने से लगभग 4-5 वर्ष के नर बाघ की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद वन विभाग ने मामले में वन अपराध का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला वन अधिकारी आर. राजमोहन के अनुसार, दुर्घटनास्थल केरल सीमा से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। वन विभाग की टीम केरल जाकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बाघ किस क्षेत्र से आया था और रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा।
वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने रेलवे को पत्र लिखकर इस रेलखंड पर रात के समय ट्रेनों की अधिकतम गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा से घटाकर 30 किलोमीटर प्रति घंटा करने का अनुरोध किया है। साथ ही वनकर्मियों को रात में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
वन विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के दिशा-निर्देशों के तहत बाघ का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद अधिकारियों की मौजूदगी में उसके शव का अंतिम संस्कार किया गया।
इस घटना ने पश्चिमी घाट के वन्यजीवों की सुरक्षा और संवेदनशील वन क्षेत्रों से गुजरने वाली रेलवे लाइनों पर निगरानी बढ़ाने की जरूरत को एक बार फिर उजागर किया है।
