गरगा नदी के पुनर्जीवन के लिए बनेगी समग्र कार्ययोजना : उपायुक्त

नमामि गंगे के तहत पांच से छह बड़ी परियोजनाओं को शामिल करने का निर्देश, 15 दिसंबर के आसपास होगी अगली समीक्षा बैठक

बोकारो। चास अर्बन रिवर प्लान (URP) के तहत गरगा नदी के पुनर्जीवन, शहरी जलस्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण सुधार के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसको लेकर बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें विशेषज्ञों ने नदी संरक्षण, तालाबों के जीर्णोद्धार, ठोस अपशिष्ट एवं फीकल स्लज प्रबंधन और जैव विविधता संरक्षण से जुड़े प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

उपायुक्त ने वर्ष 2041 को लक्ष्य मानकर नदी पुनर्जीवन की तीन चरणों में कार्ययोजना बनाने और नदी के विभिन्न हिस्सों को ब्लॉक में बांटकर नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने नमामि गंगे के तहत पांच से छह बड़ी परियोजनाओं को शामिल करने की संभावनाएं तलाशने को कहा।

बैठक में बहुबन एवं सरस्वती तालाब के जीर्णोद्धार, सौर ऊर्जा आधारित एरेशन सिस्टम, नालों में स्क्रीन चैंबर और नदी में फ्लोटिंग ट्रैश बूम लगाने पर चर्चा हुई। साथ ही प्रतिवर्ष करीब 10 हजार सेप्टिक टैंकों की सफाई का लक्ष्य रखने का सुझाव दिया गया।

आक्रामक वनस्पतियों को हटाकर स्थानीय पौधों को बढ़ावा देने तथा घाटों पर अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था सुधारने पर भी जोर दिया गया। नमामि गंगे की प्रतिनिधि सिमरन एक माह में ड्राफ्ट रिपोर्ट सौंपेंगी। अगली समीक्षा बैठक 15 दिसंबर के आसपास होगी।