कोडरमा में दुधारू पशु मेले में 17 गायों का वितरण

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत चयनित लाभुकों को मिला लाभ, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा

कोडरमा। जिला गव्य विकास कार्यालय, कोडरमा स्थित संगरोध केंद्र में 6 नवंबर 2026 को दुधारू पशु मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत चयनित लाभुकों के बीच कुल 17 दुधारू गायों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य महेंद्र यादव सहित जिला पशुपालन पदाधिकारी-सह-जिला गव्य विकास पदाधिकारी डॉ. कृष्ण चंद्र झा उपस्थित रहे। इसके अलावा चंदवारा के प्रखंड नोडल पदाधिकारी डॉ. उमेश कुमार, मरकच्चो के डॉ. विजय भारती, डोमचांच के डॉ. राजेश कुमार तथा कोडरमा के प्रखंड नोडल पदाधिकारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और लाभुक शामिल हुए।

इस अवसर पर लाभुकों को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के उद्देश्य और इसके लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही दुधारू पशुओं के उचित रख-रखाव, संतुलित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और बेहतर दुग्ध उत्पादन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को प्रोत्साहित करना, किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाना तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।