::सुजीत कुमार वर्मा::
नई दिल्ली: देश में जंगलों का विस्तार, जैव विविधता संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से मुकाबले के लिए शुरू किए गए ग्रीन इंडिया मिशन (GIM) के क्रियान्वयन पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) ने गंभीर सवाल उठाए हैं। CAG की रिपोर्ट संख्या 4/2026 को 12 अगस्त 2026 को संसद में पेश किया गया। इसमें वर्ष 2015-16 से 2024-25 तक 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मिशन के कामकाज का ऑडिट किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2025 तक मिशन के तहत केवल 1.4793 लाख हेक्टेयर भूमि पर वनीकरण संबंधी गतिविधियां हुईं, जबकि स्वीकृत लक्ष्य 28 लाख हेक्टेयर था। यानी दस वर्षों में लक्ष्य का महज 5.3 प्रतिशत काम पूरा हुआ।
70 प्रतिशत स्थानों पर नहीं दिखा खास सुधार
CAG ने GPS, सैटेलाइट तस्वीरों और भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु की तकनीकी सहायता से पौधरोपण स्थलों का स्वतंत्र आकलन कराया। इसमें लगभग 70 प्रतिशत जांचे गए स्थानों पर कोई खास सुधार नहीं पाया गया।
फंड की कमी और योजनाओं में तालमेल का अभाव
मिशन के लिए प्रस्तावित 13,000 करोड़ रुपये में से 10,600 करोड़ रुपये CAMPA, मनरेगा और अन्य योजनाओं से जुटाए जाने थे। लेकिन योजनाओं के बीच अपेक्षित समन्वय नहीं बन पाया। वर्ष 2015-16 से 2024-25 के दौरान बजटीय सहायता के रूप में केवल 1,149.14 करोड़ रुपये मिले।
वहीं, PRS Legislative Research के अनुसार, 2026-27 में मिशन के लिए 170 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। 2025-26 के संशोधित अनुमान के मुकाबले आवंटित राशि का केवल 28 प्रतिशत उपयोग हुआ था।
पर्यावरण संरक्षण पर उठे सवाल
रिपोर्ट में कमजोर निगरानी, खराब योजना और संवेदनशील पारिस्थितिक क्षेत्रों की अनदेखी को प्रमुख समस्या बताया गया है। यह स्थिति भारत के वन संरक्षण और 2030 तक कार्बन सिंक बढ़ाने के लक्ष्य के लिए चिंता का विषय है।
