::सुजीत कुमार वर्मा::
रांची: पशुपालन भवन, हेसाग में गुरुवार को खेत बचाओ अभियान सह राज्यस्तरीय रबी कार्यशाला-2026 का आयोजन किया गया। इसमें कृषि सचिव अबुबकर सिद्दीकी पी ने अधिकारियों से किसानों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता किसानों की खुशहाली और आर्थिक सशक्तिकरण है। इसके लिए अधिकारी कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों और खेतों तक पहुंचकर किसानों से बेहतर संवाद स्थापित करें और उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सब्सिडी का अधिकतम लाभ दिलाएं।
कृषि सचिव ने बताया कि इस वर्ष कार्यशाला में खेत बचाओ अभियान और रबी फसल उत्पादन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खेतों की उर्वरता एवं मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने, परती भूमि का बेहतर उपयोग, उर्वरकों के संतुलित इस्तेमाल और कृषि उत्पादन बढ़ाने पर चर्चा की गई। उन्होंने जिलों में तालाबों, नहरों सहित सभी सिंचाई संसाधनों का अद्यतन आंकड़ा तैयार करने और उनके प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया।
कृषि निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज ने परती भूमि में फसल का क्षेत्र विस्तार करने तथा रासायनिक उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता बताई।
बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति सीएस दुबे ने कहा कि भूमि की उर्वराशक्ति का संरक्षण किसानों की आय बढ़ाने और टिकाऊ कृषि विकास के लिए जरूरी है।
कार्यशाला में मृदा निदेशक विकास कुमार, गव्य निदेशक संजीव कुमार सहित कृषि वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारी और विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
