पशुओं में खुरपका-मुंहपका बीमारी के खतरे को लेकर केंद्र सतर्क, 25 राज्यों में चलाया गया राष्ट्रीय अभ्यास

::सुजीत कुमार वर्मा::

पशुओं को खुरपका-मुंहपका (FMD) बीमारी के संभावित खतरे से बचाने के लिए केंद्र सरकार ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने ICAR-राष्ट्रीय पशु रोग महामारी विज्ञान एवं सूचना विज्ञान संस्थान (ICAR-NIVEDI), बेंगलुरु के सहयोग से 4 और 5 नवंबर को ‘वज्र-सैट’ (VAJRA-SAT) नामक दो दिवसीय राष्ट्रीय अभ्यास आयोजित किया।

इस अभ्यास में 25 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों के कुल 83 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसका मुख्य उद्देश्य खुरपका-मुंहपका बीमारी के SAT-1 सीरोटाइप के संभावित प्रवेश से निपटने की तैयारी मजबूत करना था।

PIB के अनुसार, SAT-1 सीरोटाइप अभी तक भारत में रिपोर्ट नहीं हुआ है, लेकिन अफ्रीका से बाहर पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में इसका प्रसार होने के कारण सरकार सतर्कता बरत रही है।

अभ्यास के दौरान बीमारी की शुरुआती पहचान, प्रयोगशाला में जांच, संक्रमित पशुओं की आवाजाही पर नियंत्रण, आपातकालीन टीकाकरण की तैयारी और विभिन्न राज्यों के बीच समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।

सरकार का उद्देश्य पशुधन की सुरक्षा के साथ किसानों की आजीविका और डेयरी अर्थव्यवस्था को संभावित नुकसान से बचाना है। पशुपालकों को सलाह दी जाती है कि पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सक को सूचना दें।