किनारों को संंवारने से नदी स्वच्छ,अविरल और सदानीरा नहीं होती
:::मनोज कुमार शर्मा:::
अभी हाल ही में गुरूपर्व पर रांची में हरमू नदी के सौंदर्यीकरण की खबरें चर्चा में है। इसके कुछ किनारों पर साफ सफाइ करके बोल्डर ब्लॉक लगाए गए हैं और उन पर पेंटिंग की गई है, साथ ही रेलिंग और जाल लगाने जैसे कार्य भी हुए हैं। लेकिन कुछ किनारों को सजा संवार देने से क्या हरमू नदी स्वच्छ हो गयी? या इसका जल प्रदूषण मुक्त हो गया? हकीकत में ऐसा कुछ नहीं हुआ। हरमू नदी अभी भी एक गंदा नाला ही है। कमियों को छुपा कर सिर्फ उपरी तौर से अच्छे दिखने को देहाती कहावत में ‘ऊपर से फिटफाट भीतर से मोकामा घाट कहा गया है।
राजधानी रांची में ही बहने वाली यह छोटी सी नदी हमेंशा चर्चा में रही है। मात्र साढे सत्रह किमी लंबी यह हरमू नदी जिसका दस किमी शहरी इलाकों में और साढे सात किमी ग्रामीण इलाकों में है इसका उद्गम स्थल इटकी रोड स्थित बजरा क्षेत्र से है और यह झारखंड की ही एक और संकटग्रस्त नदी स्वर्णरेखा में जाकर नामकुम इलाके में मिल जाती है। हरमू नदी के रमणिक से रहे उद्गम स्थल को भी भूमाफियाओं ने अतिक्रमण से और विशाल निर्माण कर बर्बाद कर दिया है। अब जिस नदी का उद्गम ही अतिक्रमित हो चुका हो उसके तो अस्तित्व पर संकट होगा ही। हरमू नदी जब विद्यानगर, हिंदपीढी , डोरंडा इलाकों से होकर गुजरती है तो इसमें गिराये जाने वाले गंदे नालों से यह भयंकर प्रदूषित हो जाती है। निवारणपुर स्थित राम मंदिर के पास इसका काला प्रदूषित जल बदबू देता है।
विशिष्ट नदी थी हरमू : झारखंड के वरिष्ठ भूगर्भशास्त्री डॉ. नितिश प्रियदशी बताते हैं कि हरमू नदी का पानी कभी कांच की तरह साफ हुआ करता था। क्योंकि इसका तल यहां कि लाल मिट्टी वाला है। आदिवासी लेखों में इसे ऐसी नदी बताया गया है जिसका जल प्रवाह के समय एक खास किस्म की संगीतमय आवाज निकालता था जिससे इसका नाम हरमू रखा गया।पुराने बाशिंदे बताते हैं कि कभी वो हरमू नदी में नहाते थे तब यह नदी बिल्कुल स्वच्छ थी।
इसे संवारने के नाम पर बहुत शोरगुल हुआ। करोड़ो रूपये फूंके जा चुके हैं, कभी इसे लंदन के टेम्स नदी की तरह रांची का टेम्स नदी की तरह सुंदर स्वच्छ बनाने की भी बातें हुयीं थी। इसकी किनारों को साफ कर सजाया गया, पत्थर और पेड़ पौधे लगाये गये लेकिन इसमें गंदे नालों को बहाने से रोकने के, कूड़ा कचड़ा फेंकने पर रोक, कैचमेंट में खटाल और अतिक्रमण पर अंकुश कभी नहीं लगा। अब किनारों को साफ कर कुछ हिस्से को फौरी तौर पर सजा देने से हरमू नदी का कुछ भला नहीं होगा। आज भी इसके पास से गुजरने पर लोगों को इसके प्रदूषित बदबूदार नाले के होने का ही अहसास होता है।
सिर्फ सरकार और प्रशासन के प्रयासों से नहीं लोगों के जागरूकता से संवरेगी हरमू नदी
हरमू नदी कोई लंबी नदी नहीं है।इसके किनारों पर कोई बड़े उद्योग
भी नहीं जो इसमें वेस्ट बहाते हों। सरकार योजना बना कर इसे साफ तो कर देगी, पर वह अ
स्थायी समाधान होगा। शहर के कुछेक बस्तियों से गुजरने के दरम्यान इसमें कूड़ा कचड़ा, घर के नाले और को सीवर बहाया जाता है। इस पर सख्ती से रोक, उद्गम स्थल से लेकर कुछ जगहों पर अतिक्रमण हटाने और लोगों में इस नदी को स्वच्छ रखने का जज्बा ही रांची के इस छोटी खुबसूरत नदी को पुराने स्वरूप में ला सकता है।
