बिहार में बेमौसम बारिश से धान की फसल पर संकट, सरकार ने मांगी जिलेवार रिपोर्ट

::सुजीत कुमार वर्मा::

पटना, 25 नवंबर। बिहार में बेमौसम बारिश ने धान की कटाई और रबी फसलों की बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राज्य के कई जिलों में बारिश से खेतों में खड़ी धान की फसल और कटाई के बाद खुले में रखे धान के भीगने की आशंका है।

स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को सभी जिलों से जमीनी रिपोर्ट जुटाने तथा फसल नुकसान का आकलन करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी संबंधित विभागों को कार्रवाई करने को कहा।

कृषि विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, कई जिलों में धान की लगभग 40 प्रतिशत फसल अभी खेतों में खड़ी थी या कटाई के बाद खुले में सुखाने के लिए रखी गई थी। बारिश से धान की गुणवत्ता खराब होने, अनाज के सड़ने और पुआल के नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

बारिश के कारण रबी फसलों की बुवाई की तैयारी भी प्रभावित हो सकती है। सरकार की ओर से जिलेवार नुकसान का आकलन मिलने के बाद प्रभावित किसानों के लिए सहायता संबंधी कदम उठाए जाएंगे।