::सुजीत कुमार वर्मा::
देश के 18 बायोस्फीयर रिजर्व में प्रकृति संरक्षण, वैज्ञानिक शोध और सतत विकास पर जोर, 13 यूनेस्को के विश्व नेटवर्क में शामिल
नई दिल्ली। भारत में जैव विविधता संरक्षण के साथ स्थानीय समुदायों की आजीविका को मजबूत करने के लिए बायोस्फीयर रिजर्व महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। देश के 18 अधिसूचित बायोस्फीयर रिजर्व में से 13 यूनेस्को के विश्व बायोस्फीयर रिजर्व नेटवर्क में शामिल हैं। ये क्षेत्र जंगलों, वन्यजीवों, समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के साथ स्थानीय लोगों के सतत विकास का भी माध्यम बन रहे हैं।
बायोस्फीयर रिजर्व का उद्देश्य केवल वन्यजीवों और प्राकृतिक आवासों को संरक्षित करना नहीं, बल्कि प्रकृति पर निर्भर समुदायों के जीवन और रोजगार को भी सुरक्षित बनाना है। इसके लिए इन क्षेत्रों को तीन हिस्सों में बांटा जाता है। कोर क्षेत्र में जैव विविधता को सर्वोच्च सुरक्षा दी जाती है, जबकि बफर क्षेत्र में अनुसंधान, पर्यावरण शिक्षा और नियंत्रित इको-टूरिज्म जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। वहीं, संक्रमण क्षेत्र में स्थानीय समुदायों को टिकाऊ कृषि, वानिकी, पशुपालन और पर्यटन से जुड़ी आजीविका के अवसर मिलते हैं।
इसका एक उदाहरण नीलगिरि बायोस्फीयर रिजर्व है, जहां स्थानीय कारीगर आक्रामक प्रजाति लैंटाना की उखाड़ी गई झाड़ियों से हाथियों की मूर्तियां, फर्नीचर और हस्तशिल्प तैयार कर रहे हैं। इससे वन संरक्षण के साथ आदिवासी कारीगरों को रोजगार भी मिल रहा है।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की जैव विविधता संरक्षण योजना के तहत राज्यों को बायोस्फीयर रिजर्व के प्रबंधन और संरक्षण के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है। नंदा देवी, पचमढ़ी, देहांग-दिबांग और अगस्त्यमलाई में एकीकृत प्रबंधन योजनाएं भी लागू की गई हैं।
इन प्रयासों का उद्देश्य वैज्ञानिक शोध, पारंपरिक ज्ञान और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से प्राकृतिक विरासत को बचाना तथा स्थानीय लोगों के लिए टिकाऊ आजीविका सुनिश्चित करना है।
