भारत में खाद्यान्न उत्पादन का नया रिकॉर्ड, 378.54 मिलियन टन पहुंचा; चावल, गेहूं और मक्का की पैदावार में वृद्धि

::सुजीत कुमार वर्मा::

भारत ने कृषि उत्पादन के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड बनाया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी वर्ष 2025-26 के अंतिम फसल उत्पादन अनुमानों के अनुसार, देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन बढ़कर 378.54 मिलियन टन (37.85 करोड़ टन) पहुंच गया है। यह 2024-25 के 357.73 मिलियन टन उत्पादन से लगभग 20.81 मिलियन टन अधिक है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को नई दिल्ली में आंकड़े जारी किए।

चावल और गेहूं की पैदावार में बढ़ोतरी

रिपोर्ट के अनुसार, चावल का उत्पादन रिकॉर्ड 155.15 मिलियन टन रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 150.18 मिलियन टन था। गेहूं का उत्पादन भी बढ़कर 122.06 मिलियन टन पहुंच गया, जो पिछले वर्ष 117.95 मिलियन टन था। मक्का उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई और यह 43.41 मिलियन टन से बढ़कर 55.03 मिलियन टन हो गया।

दलहन उत्पादन 27.24 मिलियन टन रहा। मूंग की पैदावार 4.40 मिलियन टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची। वहीं, कुल तिलहन उत्पादन 43.26 मिलियन टन दर्ज किया गया।

किसानों के लिए क्या मायने?

रिकॉर्ड उत्पादन से देश में चावल और गेहूं की उपलब्धता तथा खाद्य सुरक्षा मजबूत होने की उम्मीद है। सरकार के अनुसार, अब दलहन और खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता बढ़ाने तथा फसल विविधीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए राष्ट्रीय दलहन मिशन और राष्ट्रीय तिलहन मिशन के माध्यम से घरेलू उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

खरीफ 2026-27 का अनुमान

सरकार ने खरीफ 2026-27 के लिए खाद्यान्न उत्पादन का पहला अग्रिम अनुमान 167.14 मिलियन टन जारी किया है। यह पिछले पांच वर्षों के औसत से 9.77 मिलियन टन अधिक है। हालांकि, एल नीनो, मानसून में देरी और कुछ राज्यों में कम बारिश के कारण फसलों को चुनौती मिली है। ये शुरुआती अनुमान हैं, जिन्हें आगे संशोधित किया जा सकता है।