खनन कानून पर झारखंड विधानसभा का बड़ा कदम, केंद्र से पुनर्विचार की मांग

::सुजीत कुमार वर्मा::

रांची, 26 नवंबर 2026। खनिज संपदा से समृद्ध झारखंड में खनन राजस्व और राज्य के वित्तीय अधिकारों को लेकर केंद्र तथा राज्य सरकार के बीच विवाद गहरा गया है। झारखंड विधानसभा ने गुरुवार को केंद्र सरकार के संशोधित खनिज एवं खनन (विकास एवं विनियमन) अधिनियम (MMDR Amendment Act), 2026 के खिलाफ संकल्प पारित किया। सदन ने कानून को वापस लेने या उस पर पुनर्विचार करने की मांग की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विशेष सत्र के दूसरे दिन संकल्प पेश करते हुए कहा कि संशोधित कानून लागू होने से झारखंड को सालाना लगभग 13,000 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका है। उनके अनुसार, इससे राज्य की सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधन प्रभावित हो सकते हैं।

खनिज भूमि पर उपकर लगाने के अधिकार का मुद्दा

राज्य सरकार का कहना है कि केंद्र के संशोधन ने खनिज अधिकारों और खनिज-bearing भूमि पर राज्य द्वारा कर तथा उपकर लगाने की शक्तियों को सीमित कर दिया है। इससे झारखंड के खनिज राजस्व और बकाया वसूली के दावों पर भी असर पड़ सकता है।

सरकार ने 2024 में झारखंड Mineral Bearing Land Cess Act बनाया था, जिसका उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और स्थानीय समुदायों के कल्याण के लिए संसाधन जुटाना था।

विपक्ष ने उठाए सवाल

भाजपा ने संकल्प का विरोध करते हुए राज्य सरकार के 13,000 करोड़ के नुकसान के अनुमान पर सवाल उठाए। विपक्ष का कहना है कि खनिज राजस्व बढ़ाने के लिए राज्य को अपनी खनन व्यवस्था में सुधार करना चाहिए।