कर्नाटक में 56 हाथियों को जंगल में भेजने की योजना पर रोक, ‘ऑपरेशन गज’ चर्चा में

::सुजीत कुमार वर्मा::

बेंगलुरु। कर्नाटक में मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के लिए शुरू किया गया ‘ऑपरेशन गज’ फिलहाल रोक दिया गया है। वन विभाग की योजना हासन जिले के बेलूर क्षेत्र में कॉफी बागानों के आसपास रह रहे 56 जंगली हाथियों को भद्रा वन क्षेत्र की ओर भेजने की थी। लेकिन पड़ोसी चिक्कमगलुरु जिले के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद अभियान पर विराम लगा दिया गया है।

वन विभाग ने 21 नवंबर को हाथियों को जंगल की ओर ले जाने का अभियान शुरू किया था। इससे पहले 18 और 19 नवंबर को दो नर हाथियों को पकड़ा गया था। इनमें से एक को नागरहोल टाइगर रिजर्व के मथिगोडु हाथी शिविर में भेजा गया, जबकि दूसरे को रेडियो कॉलर लगाकर बांदीपुर टाइगर रिजर्व में छोड़ा गया।

26 नवंबर तक हाथियों का झुंड तीन क्षेत्रों में बंट गया था। लगभग 39 हाथी मुदिगेरे, 13 बेलूर और चार नर हाथी कोडागु की दिशा में घूम रहे थे। वन विभाग इनकी निगरानी कर रहा है, ताकि वे आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश न करें।

मुदिगेरे में हाथियों की आवाजाही से किसानों की कॉफी और सुपारी की फसल को नुकसान पहुंचने की शिकायतें सामने आई हैं। विरोध के चलते क्षेत्र में बंद भी आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा है कि लोगों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए आगे का निर्णय लिया जाएगा। वन मंत्री रामलिंगा रेड्डी 30 नवंबर को संबंधित विधायकों के साथ बैठक करेंगे।

पर्यावरणीय महत्व: विशेषज्ञों के अनुसार, हाथियों के प्राकृतिक गलियारों और जंगलों के बीच संपर्क को सुरक्षित करना मानव-हाथी संघर्ष के स्थायी समाधान के लिए जरूरी है।