आस्‍था श्रद्धा के साथ पर्यावरण आरोग्‍य और विज्ञान आधारित महापर्व है ‘छठ’

प्रकृति की अधिष्ठात्री देवी और भगवान सूर्य की बहन हैं छठी मैया जो बच्‍चों की रक्षा करती हैं

:::मनोज कुमार शर्मा:::

पौराणिक कथा के अनुसार, स्वायंभुव मनु के पुत्र राजा प्रियव्रत और उनकी पत्नी मालिनी को कोई संतान नहीं थी। वे इस बात से बहुत दुखी थे। तब उन्होंने महर्षि कश्यप के मार्गदर्शन में पुत्रयेष्टि यज्ञ कराया। यज्ञ के फलस्वरूप रानी गर्भवती हुईं, लेकिन उनका पुत्र मृत पैदा हुआ। राजा प्रियव्रत पुत्र के शव को लेकर श्मशान पहुंचे और पुत्र वियोग में प्राण त्यागने लगे। तभी वहां भगवान ब्रह्मा की मानस पुत्री और प्रकृति की अधिष्ठात्री देवी देवसेना (छठी मैया) प्रकट हुईं। उन्होंने राजा से कहा, “मैं षष्ठी देवी हूं और संसार के सभी बच्चों की रक्षा करती हूं। जो भी सच्चे मन से मेरी पूजा करता है, मैं उसे स्वस्थ और दीर्घायु संतान का वरदान देती हूँ।     देवी षष्ठी ने मृत शिशु को स्पर्श किया, जिससे वह जीवित हो उठा। राजा प्रियव्रत ने प्रसन्न होकर विधि-विधान से देवी षष्ठी की पूजा की।मान्यता है कि यह पूजा कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को हुई थी, तभी से छठ पर्व मनाने की शुरुआत हुई।

सूर्यदेव की बहन और भगवान कार्तिकेय की पत्‍नी हैं छठी मैया। इसलिये सूर्यदेव और छठी मैया दोनो की होती है आराधना।

लोक मान्यताओं और पुराणों के अनुसार, छठी मैया (देवी उषा/षष्ठी) को सूर्य देव की बहन माना जाता है और भगवान कार्तिकेय की पत्‍नी हैं।  यही कारण है कि छठ पूजा के दौरान भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और छठी मैया की भी उपासना की जाती है, जिससे सूर्य की ऊर्जा और माता की कृपा दोनों प्राप्त होती है और  सिर्फ उगते सूर्य की नहीं बल्कि सूर्यास्‍त के सूर्य की भी पूजा

कहते हैं कि  जब पांडव अपना सारा राजपाट जुए में हार गए थे और वनवास काट रहे थे, तब द्रौपदी ने संकट से मुक्ति और खोया हुआ राज्य वापस पाने के लिए भगवान सूर्य और छठी मैया का व्रत एवं उपासना की थी। उनकी इस कठोर तपस्या और सूर्य उपासना से प्रसन्न होकर सूर्य देव ने उन्हें अक्षय पात्र प्रदान किया था। लोककथा के अनुसार, झारखंड में रांची के पास नगड़ी गांव के एक झरने पर आज भी लोग यह मानते हैं कि द्रौपदी ने यहीं रहकर सूर्य देव की उपासना की थी। इसके अलावा, सूर्यपुत्र कर्ण भी प्रतिदिन घंटों कमर तक पानी में खड़े होकर सूर्य देव की उपासना करते थे और उनकी कृपा से ही वे महान योद्धा बने थे।

त्रेतायुग में भगवान राम और माता सीता की पूजा  रावण पर विजय प्राप्त करने के बाद जब भगवान राम और माता सीता अयोध्या लौटे, तब कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष में उन्होंने ऋषि मुग्दल के आश्रम में रहकर सूर्य देव और छठी मैया की विशेष पूजा और व्रत किया था। तभी से यह लोक आस्था का महापर्व भारत और पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो गया।

इन सब कथाओं के कारण छठ को लोकआस्‍था का महापर्व कहा गया है, हजारों सालों से छठ में शुद्ध पवित्र मन के साथ महाउपवास कर भगवान सूर्य को अर्घ्‍य समर्पित करते हैं। छठ महापर्व पर बहुत कुछ लिखा जा चुका है, जहां पहले इसे सिर्फ पूर्वी उत्‍तर प्रदेश, बिहार का पर्व कहा जाता था वहीं अब छठ अब वैश्विक हो गया है। बिहार झारखंड यूपी के लोग जहां भी गये वहीं इस महापर्व को अपने साथ लेते गये। अमेरिका के कनेक्टिकट नदी से लेकर , आस्‍ट्रेलिया, न्‍यूजीलैंड यहां तक कि अरब में रह रहे भारतीय भी उल्‍लास से छठ मनाते हैं। अन्‍य राज्‍यों के लोग और विदेशी भी पहले कौतूहल से नदी तालाबों के पास भारतीयों को फल, अनाज, सब्‍जी और बिल्‍कुल ही आम घरेलु खाद्य पदार्थों के नैवेद्यो को सूप में दीपक के साथ सूर्य को समर्पित करते देखते थे कुछ तो इसका उपहास भी उड़ाते थे लेकिन धीरे धीरे छठ की वैज्ञानिकता ने सबों की आंखे खोल दी  और दूसरे धर्म के अनुयायी भी इस पर्व को मनाने लगे।

स्त्रियों के मान सम्‍मान का पर्व

वर्तमान भारतीय समाज पुरूष प्रधान है और हर घर में पुत्र की कामना की जाती है लेकिन छठ गीतों में पुत्री की कामना की जाती है। हमारे छठ गीतों में गाया जाता है कि ”रूनकी झुनकी बेटी एगो मांगी ला” और कही गयी है कि बिना पुत्री के घर आंगन में रौनक नहीं होती। छठ महापर्व में स्त्रियों को विशेष सम्‍मान और आदर हजारों सालों से प्राप्‍त है।

आरोग्‍य का महापर्व

छठ ही ऐसा पर्व है जिसमें हम विभिन्‍न फलों के साथ नींबू, अदरक, हल्‍दी, मूली, आंवला और घर में आंटे की बनी ठेकुआ को भगवान सूर्य को समर्पित करते हैं। यहां कुछ भी बाजारवाद का तत्‍व नहीं है। अर्घ्‍य में समर्पित सभी चीजें बहुत ही देसी और घरेलु और आरोग्‍यवर्द्धक होती हैं। लोक आस्‍था है कि छठ महापर्व करने से भयंकर व्‍याधियों से भी मुक्ति मिलती है। जल में खड़े होकर सूर्य की किरणों से नहाते हुये जल एवं नैवेद्य समर्पण करना वैज्ञानिक रूप से आरोग्‍यकारक बताया गया है। हमारे पौराणिक कथाओं में भी इस महापर्व के करने से आरोग्‍य सुख के प्रसंग हैं।

नदी तालाबों की साफ सफाई और घाट की पूजा

छठ महापर्व में नदियों तालाबों की महत्‍ता है। छह से पूर्व सभी नदी तालाबों के पास स्थित घाटों की साफ सफाई,  जलकुंभी तथा सभी जलीय खर पतवार की साफ सफाई हो जाती है, जल साफ करने के लिये उसमें छिड़काव किया जाता है। घाट की साज सज्‍जा की जाती है छठ महापर्व के आयोजन के बाद उस छठ घाट का भी आभार व्‍यक्‍त किया जाता है और घर आने से पहले घाट की पूजा अर्चना की जाती है जहां उल्‍लास और आस्‍था से पूजन संपन्‍न हुआ। ऐसी आस्‍था और आभार कहीं और देखने को नहीं मिलता।

पर्व आयोजन के साथ कुछ जिम्‍मवारियां  भी हैं

आज पूजन आयोजनो में हम बाजारवाद और सुविधा के कारण प्‍लास्टिक और थर्मोकोल की बनी वस्‍तुओं का भी उपयोग करते हैं जो हमारे नदियों तालाबों को प्रदूषित करते हैं। छठ पूजन से लेकर विसर्जन के सामग्रियों में प्‍लास्टिक और थर्मोंकोल के उपयोग से हमें बचने की आवश्‍यकता है। जहां छठ महापर्व से पहले प्रत्‍येक नदी तालाब, जलाशय सड़कें तक साफ सुथरी कर दी जाती हैं वहीं प्‍लास्टिक और थर्मोकोल बने वस्‍तुओं को उपयोग और उन्‍हें घाट पर यूं ही छोड़ आना हमारे जलाशयों को प्रदूषित करता है। आइये हम सभी उल्‍लास और पर्यावरण संरक्षण के साथ छठ मनायें।