भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 560 गीगावाट के पार, सौर ऊर्जा में ऐतिहासिक विस्तार

::सुजीत कुमार वर्मा::

भारत तेजी से स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ रहा है। देश की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता अक्टूबर 2026 में बढ़कर करीब 560 गीगावाट पहुंच गई है, जो वर्ष 2014 में 249 गीगावाट थी। वहीं, 31 जुलाई 2026 तक गैर-जीवाश्म ऊर्जा स्रोतों की क्षमता 308 गीगावाट हो गई, जो कुल स्थापित क्षमता का 55 प्रतिशत है। नवीकरणीय ऊर्जा स्थापित क्षमता के मामले में भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर है। जुलाई 2024 से जून 2026 के बीच इस क्षेत्र में 63.7 अरब डॉलर का निवेश हुआ है।

सौर ऊर्जा इस बदलाव का प्रमुख आधार बन रही है। 31 अक्टूबर 2026 तक देश की सौर ऊर्जा क्षमता लगभग 175 गीगावाट हो गई, जबकि 2014 में यह केवल 2.8 गीगावाट थी। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 65.26 लाख परिवारों को रूफटॉप सोलर का लाभ मिला है। योजना में अब तक करीब 35,800 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई है और 19.1 गीगावाट क्षमता स्थापित की गई है।

पवन ऊर्जा की स्थापित क्षमता 29 अक्टूबर 2026 तक 59.20 गीगावाट पहुंच गई। वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 6.05 गीगावाट नई क्षमता जोड़ी गई। वहीं, जलविद्युत क्षमता 57.49 गीगावाट और जैव ऊर्जा क्षमता 11.75 गीगावाट हो चुकी है।

हरित हाइड्रोजन के क्षेत्र में राष्ट्रीय मिशन के तहत 2030 तक 50 लाख मीट्रिक टन उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 19,744 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। देश में भू-तापीय ऊर्जा की संभावित क्षमता लगभग 10,600 मेगावाट आंकी गई है।

नई तकनीक, घरेलू विनिर्माण, ऊर्जा भंडारण और सरकारी योजनाओं के माध्यम से भारत ऊर्जा आत्मनिर्भरता के साथ स्वच्छ और टिकाऊ भविष्य की ओर कदम बढ़ा रहा है।