भारत की 1,211 पक्षी प्रजातियों की संरक्षण स्थिति का होगा आकलन, सारस और मार्बल्ड डक पर विशेष नजर

::सुजीत कुमार वर्मा::

GreenRevolt.news | पर्यावरण विशेष रिपोर्ट

भारत में पक्षियों की घटती आबादी और उनके प्राकृतिक आवासों पर बढ़ते खतरे को देखते हुए 1,211 नियमित रूप से पाई जाने वाली पक्षी प्रजातियों की संरक्षण स्थिति का राष्ट्रीय स्तर पर आकलन शुरू किया गया है। यह पहल भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (ZSI), वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (WTI) और स्टेट ऑफ इंडियाज बर्ड्स के सहयोग से की जा रही है।

19 अक्टूबर 2026 को इस आकलन की जानकारी सार्वजनिक की गई। विशेषज्ञ पक्षियों के भौगोलिक वितरण, आबादी और संख्या में बदलाव के आधार पर उनकी विलुप्त होने के खतरे का मूल्यांकन कर रहे हैं। 9 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, सारस क्रेन को राष्ट्रीय स्तर पर संकटग्रस्त (Vulnerable), मार्बल्ड डक को लुप्तप्राय (Endangered) और ग्रे प्लोवर को कम चिंताजनक (Least Concern) श्रेणी में रखने के प्रस्ताव सामने आए हैं। ये अभी प्रारंभिक आकलन हैं।

इस पहल में आर्द्रभूमियों, गांवों के तालाबों, दलदली क्षेत्रों और तटीय इलाकों के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, इन प्राकृतिक आवासों के नष्ट होने से प्रवासी और स्थानीय पक्षियों के भोजन, प्रजनन और रहने की जगह प्रभावित होती है।

पक्षियों की सभी 1,211 प्रजातियों का प्रारंभिक आकलन 2026 के अंत तक और अंतिम मूल्यांकन 2027 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस पहल से भारत में पक्षी संरक्षण की प्राथमिकताएं तय करने में मदद मिलेगी