पश्चिमी सिंहभूम की ग्राम पंचायतों में चला प्लास्टिक मुक्त अभियान, ग्रामीणों ने ली स्वच्छता की शपथ

चाईबासा, 21 नवंबर। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों की ग्राम पंचायतों में निर्धारित थीम ‘प्लास्टिक मुक्त पंचायत’ के अंतर्गत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्त बनाना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों, सरकारी कर्मियों तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने अपनी ग्राम पंचायतों को प्लास्टिक मुक्त बनाने की शपथ ली और स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल गांवों के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को प्लास्टिक कचरे के उचित संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही दैनिक जीवन में प्लास्टिक के उपयोग को न्यूनतम करने के लिए प्रेरित किया गया। दुकानदारों एवं हाट-बाजार के विक्रेताओं से विशेष रूप से अपील की गई कि वे प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग करें तथा ग्राहकों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें।

इस जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक प्रदूषण से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के प्रति सचेत किया गया। साथ ही स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए पर्यावरण संरक्षण में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।