वाणिज्यिक कोयला खदानों की नीलामी के 16वें दौर को मिला शानदार प्रतिसाद, 18 खदानों के लिए 85 बोलियां प्राप्त

पिछले दौर की तुलना में चार गुना बढ़ीं बोलियां, 20 नए बोलीदाताओं ने पहली बार लिया हिस्सा

देश में वाणिज्यिक कोयला खनन क्षेत्र में निवेशकों की रुचि लगातार बढ़ रही है। कोयला मंत्रालय के नामित प्राधिकरण ने वाणिज्यिक कोयला खदानों की नीलामी के 16वें दौर और 15वें दौर के दूसरे प्रयास के तहत प्राप्त बोलियां खोलीं। इस नीलामी में आठ राज्यों की 26 कोयला खदानों को शामिल किया गया था, जिनमें से 18 खदानों के लिए कुल 85 बोलियां प्राप्त हुईं।

इनमें 16वें दौर में 17 कोयला खदानों के लिए 83 बोलियां और 15वें दौर के दूसरे प्रयास में एक खदान के लिए दो बोलियां मिलीं। कुल 26 खदानों में से 16 को एक से अधिक बोली प्राप्त हुई। खास बात यह रही कि 20 कंपनियों ने पहली बार वाणिज्यिक कोयला खनन क्षेत्र में बोली लगाई। पिछले दौर की तुलना में बोलियों की संख्या में लगभग चार गुना वृद्धि दर्ज की गई है।

मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में कैप्टिव और वाणिज्यिक कोयला खदानों का उत्पादन 10.22 प्रतिशत बढ़कर 210.46 मिलियन टन पहुंच गया। वर्ष 2020 से अब तक 15 नीलामी दौर में कुल 145 कोयला खदानों की नीलामी की जा चुकी है, जिससे 44 नई कंपनियां इस क्षेत्र से जुड़ी हैं।

इन खदानों से सालाना लगभग 47,500 करोड़ रुपये का राजस्व और करीब 4.9 लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। वाणिज्यिक खनन में कोयले के अंतिम उपयोग पर कोई प्रतिबंध नहीं है। साथ ही 100 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की अनुमति भी दी गई है।

अब प्राप्त बोलियों का मूल्यांकन तकनीकी समिति करेगी। योग्य बोलीदाताओं को एमएसटीसी पोर्टल के माध्यम से होने वाली इलेक्ट्रॉनिक नीलामी में भाग लेने का अवसर मिलेगा। यह प्रतिक्रिया भारत की ऊर्जा सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।