जलवायु परिवर्तन, समुद्र के बढ़ते तापमान और प्रदूषण से संकट का सामना कर रही दुनिया की प्रवाल भित्तियों (Coral Reefs) को बचाने के लिए 22 विकासशील देशों में 3 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक के नए निवेश की घोषणा की गई है। यह घोषणा 17 नवंबर को तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन COP31 के दौरान ग्लोबल फंड फॉर कोरल रीफ्स (GFCR) ने की।
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) के अनुसार, आकलन की गई गर्म और उथले पानी की लगभग 96 प्रतिशत प्रवाल भित्तियां गंभीर रूप से संकटग्रस्त श्रेणी में हैं। समुद्री तापमान में वृद्धि, समुद्री अम्लीकरण, अत्यधिक मछली पकड़ने और तटीय प्रदूषण से इन पारिस्थितिक तंत्रों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है।
इस निवेश का उद्देश्य समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र का संरक्षण, प्रवाल भित्तियों का पुनर्स्थापन और तटीय समुदायों की आजीविका को सुरक्षित करना है। इसके तहत मेक्सिको, बेलीज, ग्वाटेमाला और होंडुरास में मेसोअमेरिकन रीफ क्षेत्र के संरक्षण के लिए जल प्रदूषण नियंत्रण, अपशिष्ट जल प्रबंधन और छोटे मछुआरों के लिए वित्तीय सहायता पर काम होगा।
इंडोनेशिया में समुद्री शैवाल, झींगा पालन और टिकाऊ मत्स्य पालन से जुड़े कारोबार को प्रोत्साहन दिया जाएगा। फिलीपींस में लगभग 10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फैले समुद्री संरक्षित क्षेत्रों के प्रबंधन को मजबूत करने की योजना है। तंजानिया के जांजीबार में भी समुद्री संरक्षण और स्थानीय समुदायों की आय बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
GFCR का लक्ष्य 2030 तक कम से कम 400 पर्यावरण अनुकूल कारोबार और वित्तीय समाधान विकसित करना, 30 लाख हेक्टेयर प्रवाल भित्तियों के प्रबंधन में सुधार करना और 2 करोड़ लोगों की जलवायु सहनशीलता बढ़ाना है।
विशेषज्ञों के अनुसार, प्रवाल भित्तियों का संरक्षण समुद्री जैव विविधता, मत्स्य संसाधनों और तटीय आबादी की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
