दुनियाभर में बढ़ती जंगलों की आग और जलवायु परिवर्तन से पैदा हो रहे खतरे को देखते हुए 23 देशों ने मिलकर वनाग्नि प्रबंधन के लिए नई अंतरराष्ट्रीय पहल शुरू की है। 16 नवंबर को तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन COP31 के दौरान ‘अंताल्या एक्शन प्लान ऑन इंटीग्रेटेड फायर मैनेजमेंट’ (Antalya Action Plan) को समर्थन दिया गया। इसका नेतृत्व तुर्किये कर रहा है, जबकि ब्राजील और दक्षिण कोरिया सह-नेतृत्व कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) ने भी इसमें सहयोग दिया है।
ड्रोन और AI से होगी निगरानी
इस योजना के तहत जंगलों में आग लगने की आशंका का पूर्वानुमान लगाने और शुरुआती स्तर पर आग का पता लगाने के लिए सैटेलाइट, ड्रोन, रिमोट सेंसिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे आग प्रभावित क्षेत्रों की पहचान, निगरानी और बचाव दलों की त्वरित तैनाती में मदद मिलेगी। देशों के बीच तकनीकी जानकारी, प्रशिक्षण और संसाधनों को साझा करने की भी व्यवस्था विकसित की जाएगी।
हर साल 26.1 करोड़ हेक्टेयर जमीन प्रभावित
FAO की ग्लोबल फॉरेस्ट रिसोर्सेज असेसमेंट 2025 के अनुसार, वर्ष 2007 से 2019 के बीच दुनियाभर में हर साल औसतन 26.1 करोड़ हेक्टेयर भूमि आग से प्रभावित हुई। इसमें लगभग आधा हिस्सा वन क्षेत्र था। संगठन के अनुसार, जलवायु परिवर्तन और भूमि उपयोग में बदलाव के कारण इस सदी के अंत तक अत्यधिक गंभीर वनाग्नि की घटनाएं 50 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं।
चार प्रमुख क्षेत्रों पर होगा काम
योजना में अंतरराष्ट्रीय सहयोग, विज्ञान आधारित आग की रोकथाम, जंगलों का टिकाऊ प्रबंधन और विकासशील देशों को वित्तीय सहायता एवं आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
इस पहल का उद्देश्य केवल आग बुझाना नहीं, बल्कि आग लगने से पहले जोखिम कम करना और जंगलों, जैव विविधता तथा स्थानीय समुदायों की आजीविका की रक्षा करना है
